दोस्त लर्निंग फाउंडेशन द्वारा कर्णप्रयाग में 148 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण
देहरादून- दोस्त लर्निंग फाउंडेशन द्वारा 21 अक्टूबर 2026 को चमोली जनपद के कर्णप्रयाग विकासखंड में ‘परवरिश’ कार्यक्रम के अंतर्गत 148 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों के समग्र विकास, विकासात्मक देरी की समय पर पहचान तथा अभिभावकों की सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की क्षमता को सुदृढ़ करना था।
प्रशिक्षण के दौरान ‘नवचेतना’ के अध्ययन–5 के अंतर्गत विकासात्मक देरी विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों की उम्र के अनुसार विकासात्मक पड़ावों की पहचान, विकास में देरी के शुरुआती संकेतों को समझने तथा बच्चों को घर पर आवश्यक सहयोग प्रदान करने के तरीकों की जानकारी दी गई।
साथ ही, विकासात्मक जाँच प्रणाली (डीएसएस) के सही उपयोग, बच्चों के विकास की नियमित निगरानी तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने और संदर्भन प्रक्रिया अपनाने के बारे में बताया गया।
‘परवरिश’ कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के शुरुआती वर्षों में परिवार की भूमिका और अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित करने तथा उन्हें घर पर बच्चों से नियमित बातचीत करने, स्नेह देने और खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण के बाद आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अपने-अपने केंद्रों पर लाभार्थियों एवं अभिभावकों को बच्चों के उम्रानुसार विकास, विकासात्मक देरी के शुरुआती संकेतों की पहचान तथा समय पर आवश्यक सहयोग के प्रति जागरूक करेंगी। इससे बच्चों के विकास की निगरानी और जरूरत के अनुसार उचित सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण में महिला एवं बाल सशक्तिकरण विभाग की तीनों पर्यवेक्षक आशा, उमा एवं शारदा उपस्थित रहीं।
