मसूरी विधानसभा के शहीद दुर्गा मल्ल मंडल द्वारा आयोजित ‘हर घर तिरंगा अभियान में प्रतिभाग करते कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी
देहरादून- कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज गढ़ी कैंट में मसूरी विधानसभा के शहीद दुर्गा मल्ल मंडल द्वारा आयोजित ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत तिरंगा यात्रा में प्रतिभाग किया और यात्रा का नेतृत्व किया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हाथों में तिरंगा लेकर निकली यात्रा ने लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शहीद स्मारक पहुंचकर देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्र की एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का माध्यम है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी एवं सम्मान को प्रदर्शित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने तिरंगे के सम्मान और गरिमा को बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के रखरखाव और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि तिरंगे का उपयोग एवं संरक्षण निर्धारित नियमों के अनुरूप करते हुए उसके प्रति सदैव सम्मान की भावना रखें।
इस अवसर पर दायित्वधारी ज्योति कोटिया, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, सारिका गुरुंग, निर्मला थापा, वंदना ठाकुर, मनोज क्षेत्री सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
