November 1, 2026

गोर्खा समाज की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं ऐसे आयोजन- गणेश जोशी

0
IMG-20261101-WA0004

देहरादून- कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में वीर गोर्खा कल्याण समिति द्वारा आयोजित गोर्खा दशैं-दीपावली सांस्कृतिक महोत्सव एवं राजकीय मेला-2026 में प्रतिभाग किया।

महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गोर्खाली समाज की समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिली। मेले में गोर्खाली समाज के पारंपरिक खानपान और पहनावे के साथ ही देशभक्ति, गढ़वाली, कुमाऊंनी एवं नेपाली संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों को सम्मानित भी किया।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ उसके प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी सांस्कृतिक विरासत से होती है और वीर गोर्खा कल्याण समिति अपनी संस्कृति को जीवंत बनाए रखने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भारतीय सेना में गोर्खाली समाज का योगदान अत्यंत गौरवशाली और महत्वपूर्ण रहा है। इस समाज ने सदैव देश की सेवा और सुरक्षा में अपना अतुलनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि गोर्खाली समाज ने उन्हें हमेशा अपार प्रेम और स्नेह दिया है, जिसके लिए वह समाज के सभी लोगों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आयोजन के सफल आयोजन के लिए समिति के पदाधिकारियों एवं आयोजकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed