देवप्रयाग के समीप बोलेरो वाहन गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त, SDRF द्वारा राहत एवं बचाव अभियान जारी
देहरादून- 07 अगस्त 2026 को डीसीआर पौड़ी से सूचना प्राप्त हुई कि देवप्रयाग क्षेत्र में पौड़ी की ओर डंपिंग जोन के समीप एक बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर गया है। सूचना प्राप्त होते ही SDRF पोस्ट श्रीनगर से टीम तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में SDRF टीम द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव अभियान प्रारंभ किया गया। अत्यंत विषम एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संचालित रेस्क्यू अभियान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो वाहन में कुल 07 लोगों के सवार होने की पुष्टि हुई।
एक घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगो द्वारा पूर्व में ही सुरक्षित निकालकर उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया। घायल की पहचान अरम (16 वर्ष), पुत्र अफजाल, निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार के रूप में हुई।
रेस्क्यू अभियान के दौरान वाहन में सवार पाँच व्यक्तियों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान निम्नानुसार हुई—
– अफजाल पुत्र अकबर सूफी (49 वर्ष)
– गुफरान पुत्र अकबर (34 वर्ष)
– सब्बू पत्नी अफजाल (40 वर्ष)
– अनामिया पुत्री अफजाल (03 वर्ष)
– शादाब पुत्र अफजाल (14 वर्ष)
दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति अभी भी लापता है। SDRF की टीम निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर लापता व्यक्ति की तलाश हेतु सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार संचालित कर रही है।
घटना के संबंध में आवश्यक अग्रिम विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
