09 से 13 मार्च तक राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में प्रारंभ हो रहे पंचम विधानसभा के बजट सत्र की तैयारियों को लेके उच्च अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की
देहरादून- 09 से 13 मार्च तक राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में प्रारंभ हो रहे पंचम विधानसभा के बजट सत्र की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ऋतु खंडूड़ी भूषण ने आज देहरादून स्थित विधानसभा भवन में शासन, पुलिस प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की।
बैठक में सत्र के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
विधानसभा अध्यक्ष ने विधानसभा सचिवालय एवं पुलिस विभाग को सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा की गरिमा एवं सुरक्षा सर्वोपरि है, अतः किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सत्र अवधि में विधानसभा के कर्मचारी भी बिना विधिवत जारी वाहन प्रवेश पत्र के परिसर में अपने वाहन प्रवेश नहीं कर सकेंगे। विधायकों की संस्तुति पर एक तथा मंत्रियों की संस्तुति पर अधिकतम दो आगंतुकों को ही प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे, जिससे अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
विधानसभा अध्यक्ष ने सत्र के दौरान विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को सदन की कार्यवाही देखने हेतु आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने और संसदीय परंपराओं से परिचित होने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। इससे विद्यार्थियों को न केवल विधान प्रक्रिया की जानकारी मिलेगी, बल्कि उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि विधानसभा सत्र की कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग एवं वेबकास्टिंग सूचना एवं लोक संपर्क विभाग तथा आईटी विकास अभिकरण द्वारा की जाएगी, ताकि आमजन भी पारदर्शिता के साथ सदन की कार्यवाही से जुड़ सकें।
सत्र के दौरान आपात परिस्थितियों से निपटने हेतु अग्निशमन दल को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सा विभाग को आवश्यक चिकित्सा दल, पर्याप्त दवाइयों एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों से सत्र को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित कराने में पूर्ण सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या शिकायत की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बजट सत्र राज्य के विकास, जनहित के मुद्दों एवं नीतिगत निर्णयों पर गंभीर चिंतन-मनन का महत्वपूर्ण अवसर है, अतः इसकी गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
