July 21, 2026

मेधावी छात्र ही उत्तराखंड और देश का उज्ज्वल भविष्य- रेखा आर्या

0
IMG-20260721-WA0014

देहरादून- उत्तराखंड की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राएं ही प्रदेश और देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि संकल्प, अनुशासन और संस्कार से मिलती है तथा इन्हीं मूल्यों के सहारे जीवन में लंबे समय तक शिखर पर बने रहा जा सकता है।

मंगलवार को रुद्रपुर के होटल सोनिया के सभागार में रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल पुरस्कार वितरण नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रेरक प्रयास है।

उन्होंने संस्था की वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति इस बात से तय होती है कि वह अपनी प्रतिभाओं को कितना सम्मान और प्रोत्साहन देता है।

उन्होंने सम्मानित छात्र-छात्राओं से कहा कि उनकी सफलता कोई संयोग नहीं, बल्कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। अब जीवन की असली यात्रा शुरू हुई है, इसलिए सफलता के साथ-साथ संकल्प और संस्कार को भी हमेशा अपने साथ रखें। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे बड़े लक्ष्य निर्धारित करें, चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका साहसपूर्वक सामना करें और अपने ज्ञान व प्रतिभा से उत्तराखंड तथा देश का नाम रोशन करें।

रेखा आर्या ने कहा कि आज के विद्यार्थी केवल कल का भविष्य नहीं, बल्कि आज का गौरव हैं। जब प्रदेश का युवा आगे बढ़ेगा, तभी उत्तराखंड और भारत विकास के नए शिखर पर पहुंचेगा। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके माता-पिता और शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक सफलता के पीछे परिवार के त्याग और गुरुजनों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

समारोह में इस वर्ष उत्तराखंड बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10 एवं 12 की परीक्षाओं में अपने-अपने विद्यालयों में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले 93 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed