भारी बारिश के कारण विजय कॉलोनी की खाला बस्ती में दीवार ढहने से दो-तीन मकानों को नुकसान
देहरादून- भारी बारिश के चलते शनिवार देर शाम देहरादून की विजय कॉलोनी स्थित खाला बस्ती में एक सुरक्षा दीवार ढह जाने से दो-तीन मकानों को नुकसान पहुंचा। हादसे में विमला देवी नामक महिला घायल हो गईं, जिनके पैर में चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए दून अस्पताल भेज दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली तथा जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने संबंधित विभागों को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, संभावित खतरे वाले स्थानों की निगरानी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद है और स्वयं ग्राउंड पर रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी देहरादून एवं संबंधित अधिकारियों को मौके पर रहकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
