घंटाघर पर बजरंग दल ने किया कांवड़ यात्रियों का भव्य स्वागत, सामूहिक शिव पंचाक्षर स्तोत्र एवं “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से गूंजा वातावरण
देहरादून- देवभूमि उत्तराखंड में पवित्र कांवड़ यात्रा के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल द्वारा घंटाघर, देहरादून में कांवड़ यात्रियों एवं शिवभक्तों के स्वागत के लिए भव्य स्वागत एवं सेवा शिविर आयोजित किया गया।
इस दौरान कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया तथा जलपान की व्यवस्था कर सेवा एवं आतिथ्य का संदेश दिया गया। बजरंग दल के नेतृत्व में सामूहिक रूप से शिव पंचाक्षर स्तोत्र का पाठ कराया गया। उपस्थित शिवभक्तों एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में “ॐ नमः शिवाय” का जाप किया, जिससे पूरा घंटाघर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
इस अवसर पर विकास वर्मा ने कांवड़ यात्रा के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा, तपस्या, अनुशासन और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक है। देशभर से लाखों शिवभक्त हरिद्वार एवं उत्तराखंड की पवित्र भूमि पर पहुंचकर गंगाजल लेकर अपने-अपने आराध्य भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। कांवड़ यात्रा समाज में भक्ति, सेवा, त्याग, संयम और आपसी भाईचारे की भावना को भी मजबूत करती है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से सनातन आस्था और अध्यात्म की प्रमुख भूमि रही है। कांवड़ यात्रियों की सेवा करना भगवान शिव की सेवा के समान पुण्यकारी कार्य है। बजरंग दल कार्यकर्ता इसी भावना के साथ पूरे यात्रा मार्ग में शिवभक्तों के स्वागत, सेवा और सहयोग के लिए तत्पर हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कांवड़ यात्रियों का उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष किए। शिवभक्तों के लिए सूक्ष्म रूप जलपान सेवा की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर हनुमान सेना अध्यक्ष राजेश सोमवंशी, सर्वव्यवस्था प्रमुख अमन राजवंशी,अनिल चौहान, हनुमत सेवा समिति अध्यक्ष संदीप वाधवा, मंत्री विजय गुप्ता, गौतम उनियाल, योगेश कुकरेती, विवेक शर्मा, भाजपा से जिला मठ मंदिर प्रमुख आशीष बलूनी,सहित विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और कांवड़ यात्रियों के स्वागत एवं सेवा में सक्रिय रूप से जुटे रहे।
