September 29, 2026

जनपद उत्तरकाशी के कालिंदी ट्रैक पर व्यापक रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण, 67 ट्रेकर्स का सकुशल रेस्क्यू

0
IMG-20260929-WA0000

देहरादून- उत्तरकाशी जनपद उत्तरकाशी के दुर्गम एवं अत्यधिक ऊंचाई वाले कालिंदी ट्रैक क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए SDRF के नेतृत्व में भारतीय सेना, UCADA, पैरामिलिट्री बल, उत्तराखंड पुलिस, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य बचाव इकाइयों के साथ समन्वित रूप से चलाया गया व्यापक रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।

अभियान के दौरान  अर्पण यदुवंशी, सेनानायक SDRF के नेतृत्व एवं सहायक सेनानायक के समन्वय में SDRF की टीमें अन्य बचाव एजेंसियों के साथ मिलकर दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में रेस्क्यू कार्य में जुटी रहीं। बचाव दलों द्वारा कठिन परिस्थितियों में पैदल रेस्क्यू के साथ-साथ हेली रेस्क्यू के माध्यम से ट्रेकर्स को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान विभिन्न ट्रैक रूटों से कुल 67 ट्रेकर्स को सकुशल रेस्क्यू किया गया, जिनमें ऑडेन कोल – 29 ट्रेकर्स, कालिंदी खाल – 19 ट्रेकर्स, माउंट जॉगिंग – 08 ट्रेकर्स वासुकी ताल – 11 ट्रेकर्स शामिल हैं।

*विषम परिस्थितियों के बीच चुनौतीपूर्ण रहा रेस्क्यू अभियान*

रेस्क्यू अभियान के दौरान दुर्गम पहाड़ी भू-भाग, अत्यधिक ऊंचाई, तेज हवाओं, प्रतिकूल मौसम, अत्यधिक बर्फबारी एवं कठिन ट्रैकिंग परिस्थितियों के कारण बचाव दलों के सामने अनेक चुनौतियां रहीं। हेली रेस्क्यू के दौरान भी तेज हवाओं एवं मौसम के अनुकूल न होने के कारण उड़ान संचालन में कठिनाइयां सामने आईं।

इन विषम परिस्थितियों के बावजूद SDRF सहित सभी बचाव एजेंसियों के बीच बेहतर आपसी समन्वय एवं टीमवर्क के माध्यम से रेस्क्यू अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया और सभी 67 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया।

सभी ट्रेकर्स को प्राथमिक स्वास्थ्य जांच हेतु अस्पताल पहुंचाया गया

रेस्क्यू किए गए सभी ट्रेकर्स को हर्षिल हेलीपैड पहुंचाने के उपरांत प्राथमिक स्वास्थ्य जांच हेतु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार उपचार उपलब्ध कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed