सिंघताली में डूबे दो व्यक्तियों की तलाश में एसडीआरएफ का सघन सर्च अभियान
देहरादून- 28 जून 2026 को सिंघताली क्षेत्र में पूर्व में नदी में डूबे दो व्यक्तियों की तलाश हेतु एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला की टीम अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान के नेतृत्व में घटनास्थल पर लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में जुटी रही। टीम द्वारा आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ नदी के विभिन्न हिस्सों में गहन खोजबीन की गई।
घटनास्थल पर नदी का तीव्र बहाव, अत्यधिक गहराई तथा दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियाँ सर्च अभियान के लिए चुनौतीपूर्ण बनी रहीं। इसके बावजूद एसडीआरएफ टीम ने पूर्ण तत्परता, साहस एवं पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए संभावित स्थानों पर पानी में उतरकर गहन सर्चिंग की तथा नदी के किनारों, गहरे जल क्षेत्रों एवं संभावित बहाव वाले क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर खोज अभियान संचालित किया।
अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए लापता व्यक्तियों की तलाश के हर संभव प्रयास किए गए। एसडीआरएफ टीम द्वारा कई घंटों तक लगातार अथक प्रयास किए जाने के बावजूद दोनों लापता व्यक्तियों का कोई सुराग प्राप्त नहीं हो सका।
