May 9, 2026

ऋषिकेश में गंगा नदी के रैपिड क्षेत्र में युवक के डूबने की सूचना, SDRF द्वारा सर्च अभियान जारी

0
20260509_183000

देहरादून- 09 मई 2026 को सायं लगभग 04 बजे थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र अंतर्गत हिल्टन रैपिड के समीप एक युवक के गंगा नदी में बहने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह के हमराह तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई तथा मौके पर पहुंचकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया गया।

टीम द्वारा डीप डाइवर्स को नदी में उतारकर सभी संभावित स्थानों पर गहन खोजबीन की जा रही है। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस एवं जल पुलिस भी आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। युवक की तलाश निरंतर जारी है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार उक्त युवक अपने एक साथी के साथ सीताराम आश्रम में कथा श्रवण हेतु आया हुआ था। बताया गया कि दोनों युवक नहाने के लिए प्रतिबंधित घाट क्षेत्र में नदी की ओर गए, जहां तेज बहाव की चपेट में आने से एक युवक नदी में बह गया।

प्राप्त परिचय पत्र के आधार पर युवक की पहचान हर्षित उपाध्याय पुत्र नंद किशोर, निवासी ग्राम सीमा रिस्टना, भिकियासैंण, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है, जो कि श्रीरंगमलक्ष्मी आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, श्रीधाम वृंदावन, जनपद मथुरा का छात्र बताया जा रहा है।

एसडीआरएफ एवं पुलिस प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि नदी किनारे, रैपिड एवं प्रतिबंधित क्षेत्रों में अत्यधिक सतर्कता बरतें तथा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नदी में प्रवेश करना जानलेवा साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed